
अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग का छापा, रिकॉर्ड में खामियां मिलने पर नोटिस
मानकों की अनदेखी पड़ी भारी: चार डायग्नोस्टिक सेंटरों को कारण बताओ नोटिस
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली ! जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने गुरुवार को चार अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई तरह की अनियमितताएं सामने आईं। कहीं जरूरी अभिलेख पूरे नहीं मिले तो कहीं मशीनों से संबंधित दस्तावेज अधूरे पाए गए। कुछ केंद्रों पर शासन द्वारा तय मानकों का पालन भी संतोषजनक नहीं मिला।
निरीक्षण टीम ने मौके पर ही संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। अधिकारियों ने निर्देश दिया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित सभी डायग्नोस्टिक और अल्ट्रासाउंड केंद्रों को शासन के नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अधिकारियों का कहना है कि प्राप्त स्पष्टीकरण की समीक्षा के बाद आगे की विधिक कार्रवाई तय की जाएगी। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधित केंद्रों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।