
कचहरी के पास टेम्पो में जेवर गायब, महिला ने चालक पर लगाया चोरी का आरोप
हंगामे के बीच चालक हुआ फरार, पुलिस ने पकड़कर शुरू की पूछताछ
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर कचहरी के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला ने टेम्पो चालक पर जेवर और नगदी चोरी करने का आरोप लगा दिया। आरोप के बाद मौके पर जमकर हंगामा हुआ और चालक वहां से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
ग्राम डूबरा नवीनगर थाना कैंट निवासी नीरज पत्नी गुड्डू ने बताया कि वह शुक्रवार करीब 12 बजे खरसेनी कन्नौजिया इंटर कॉलेज से टेम्पो नंबर यूपी जी टी 4337 में सवार होकर अपने गांव नवीनगर जा रही थीं। उनके अनुसार, पर्स में आधा तोला सोने की नथनी, सोने की बेसर, करीब 250 रुपये का चांदी का गुच्छा और 500 रुपये नकद रखे थे।

फोटो : पीड़ित महिला
महिला का कहना है कि रास्ते में फतेहगंज क्षेत्र से कुछ अन्य सवारियां बैठीं, जो कचहरी पर उतर गईं। आरोप है कि उनसे किराया भी नहीं लिया गया। जब वह स्वयं कचहरी पर उतरीं और किराया देने के लिए पर्स खोला तो उसमें रखे जेवर और 500 रुपये गायब थे।
इस पर उन्होंने टेम्पो चालक से आपत्ति जताते हुए चोरी का आरोप लगाया। देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। हंगामा होता देख चालक मौके से भाग निकला। महिला ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और बाद में चालक को बुलाकर पूछताछ की। चालक ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि महिला के पर्स में कोई जेवर या नगदी नहीं थी और उस पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस ने महिला की तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी!

फोटो : आरोपी टेम्पो चालक