
मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में गूंजा ‘आस्मिता लीग’ का उत्साह, बेटियों ने दिखाई ताकत, सेपक टकरॉ में बरेली की टीमों का शानदार प्रदर्शन
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम (साईं), बरेली कैंट में आयोजित ‘आस्मिता लीग 2025–26’ का सफल समापन उत्साह और ऊर्जा के माहौल में हुआ। इस प्रतियोगिता का आयोजन उत्तर प्रदेश सेपक टकरॉ एसोसिएशन द्वारा किया गया, जिसका उद्देश्य बालिका खिलाड़ियों को खेलों में आगे बढ़ने का अवसर देना और उनकी प्रतिभा को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना रहा।
प्रतियोगिता में बरेली सहित विभिन्न जिलों से आई बालिका खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। मैदान पर अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धा का शानदार संगम देखने को मिला। खिलाड़ियों ने सेपक टकरॉ के रोमांचक मुकाबलों में अपने कौशल का बेहतरीन प्रदर्शन कर दर्शकों और आयोजकों का दिल जीत लिया।
‘आस्मिता लीग’ दरअसल खेलो इंडिया की एक अहम पहल है, जिसका उद्देश्य देशभर में महिला खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाना और उन्हें सशक्त मंच प्रदान करना है। इस अभियान के अंतर्गत विभिन्न राज्यों में प्रतियोगिताओं का आयोजन कर बेटियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है।
आयोजन के दौरान उत्तर प्रदेश सेपक टकरॉ एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। डायरेक्टर ऑफ ओरेकल दिव्या सिंह, जनरल सेक्रेटरी सुनील एस. सीरिया, वंदना मिश्रा (र.न. टैगोर इंटर कॉलेज), जॉइंट सेक्रेटरी तान सिंह, अलका मल्होत्रा, मीना कुमारी (साईं), एसोसिएशन कोच राम कुमार और स्टेडियम कोच शुभम तिवारी ने प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को निरंतर कराने का संकल्प दोहराया।
प्रतियोगिता परिणाम इस प्रकार रहे:
सब-जूनियर गर्ल्स वर्ग
बरेली टीम A — 2-0 से विजेता
बरेली टीम B — उपविजेता (0-2)
बरेली टीम C — तृतीय स्थान
जूनियर गर्ल्स वर्ग
बरेली टीम C — 2-0 से विजेता
बरेली टीम B — उपविजेता (0-2)
बरेली टीम A — तृतीय स्थान
सीनियर गर्ल्स वर्ग
बरेली टीम B — 2-0 से विजेता
बरेली टीम C — उपविजेता (0-2)
बरेली टीम A — तृतीय स्थान
प्रतियोगिता के सफल आयोजन से खिलाड़ियों और अभिभावकों में खासा उत्साह देखने क़ो मिला!
