प्रेम विवाह से भड़का विवाद: हथियारों के साथ घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी

Spread the love

 

प्रेम विवाह से भड़का विवाद: हथियारों के साथ घर में घुसकर दी जान से मारने की धमकी

गांव छोड़ने की चेतावनी, पीड़ित परिवार ने पुलिस से मांगी सुरक्षा

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के एक गांव में प्रेम विवाह के बाद दो पक्षों के बीच तनाव बढ़ने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवती के परिजन विवाह से नाराज होकर युवक के घर पहुंचे और हंगामा करते हुए परिवार को धमकियां दीं।

ग्राम निवासी शिवम कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके भाई सतीश कुमार ने गांव की ही युवती रोशनी मौर्य से अपनी मर्जी से विवाह किया था। विवाह के बाद से ही युवती के परिजन रंजिश मान रहे हैं। आरोप है कि वे लगातार गाली-गलौज कर रहे थे और परिवार को डराने का प्रयास कर रहे थे।

शिकायत के अनुसार 17 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे कई लोग लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और तमंचों के साथ उनके घर में घुस आए। घर में घुसकर हंगामा किया गया और पूरे परिवार को गांव छोड़ देने की धमकी दी गई। विरोध करने पर मारपीट की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए वहां से चले गए।

पीड़ित पक्ष का कहना है कि गांव में उनकी संख्या कम है, जिससे वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta