
कड़े पहरे में शुरू हुई बोर्ड परीक्षा, 130 केंद्रों पर 92 हजार से अधिक परीक्षार्थी
नकल पर सख्ती, सुरक्षा के साए में हाईस्कूल-इंटर की परीक्षा का आगाज
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। माध्यमिक शिक्षा परिषद की वर्ष 2026 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं मंगलवार से जिले में शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गईं। प्रशासन ने परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले भर में कुल 130 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 92,135 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हो रहे हैं।
परीक्षा के पहले दिन केंद्रों पर सुबह से ही हलचल रही। पहली पाली में हाईस्कूल के 49,977 छात्र-छात्राएं परीक्षा दे रहे हैं। इनमें 27,528 छात्र और 22,449 छात्राएं शामिल हैं। वहीं इंटरमीडिएट में कुल 42,158 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे, जिनमें 23,654 छात्र और 18,504 छात्राएं हैं। इस तरह दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 92,135 परीक्षार्थी परीक्षा में प्रतिभाग कर रहे हैं।
जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती और उड़नदस्तों की सक्रियता सुनिश्चित की गई है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावकों की भीड़ नजर आई, वहीं छात्रों में आत्मविश्वास और हल्का तनाव दोनों देखने को मिला। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। परीक्षा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जाएगी।