भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में सिलसिलेवार धमाके, आग की लपटों में घिरे मजदूर, कई मजदूर जले ज़िंदा 

Spread the love

 

भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में सिलसिलेवार धमाके, आग की लपटों में घिरे मजदूर, कई मजदूर जले ज़िंदा 

राजस्थान: बंद पड़ी फैक्ट्री बनी मौत का कुंड, धमाके के बाद जिंदा जले कई श्रमिक

भिवाड़ी इंडस्ट्रियल एरिया में भीषण विस्फोट, राहत-बचाव में जुटी कई दमकल गाड़ियां

गत्ते और ज्वलनशील सामग्री ने बढ़ाई तबाही, केमिकल यूनिट में आग से हड़कंप

भिवाड़ी की केमिकल फैक्ट्री में धमाका, आग में कई मजदूरों की मौत

रिपोर्ट : भिवाड़ी ब्यूरो 

भिवाड़ी (राजस्थान)। औद्योगिक क्षेत्र भिवाड़ी में सोमवार सुबह एक केमिकल फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके से सनसनी फैल गई। धमाके के तुरंत बाद फैक्ट्री में आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही देर में पूरी इकाई को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में छह से सात मजदूरों की जिंदा जलने से मौत हो गई है, जबकि कई अन्य श्रमिकों के अंदर फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय फैक्ट्री परिसर में करीब 20 से 25 मजदूर मौजूद थे। अचानक हुए तेज धमाकों से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के भीतर तीन से चार जोरदार विस्फोट हुए, जिसके बाद आग की ऊंची लपटें उठती दिखाई दीं। कुछ मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अंदर ही फंस गए।

कई महीनों से बंद बताई जा रही थी इकाई

स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित फैक्ट्री पिछले कुछ महीनों से बंद पड़ी थी। परिसर में बड़ी मात्रा में गत्ता और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी हुई थी, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। राहत एवं बचाव दल फैक्ट्री के भीतर फंसे मजदूरों को सुरक्षित निकालने के प्रयास में जुटा है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और हादसे के कारणों की पड़ताल के लिए टीम गठित की गई है।

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने आसपास के क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया है और लोगों से मौके पर भीड़ न लगाने की अपील की है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta