भोजीपुरा में आधी रात मुठभेड़: डकैती के चार आरोपी गिरफ्तार, दो को लगी गोली

Spread the love

 

भोजीपुरा में आधी रात मुठभेड़: डकैती के चार आरोपी गिरफ्तार, दो को लगी गोली

नंबर प्लेट ढकी पिकअप बनी शक की वजह, पुलिस मुठभेड़ में चार दबोचे

फायरिंग के बीच पुलिस का पलटवार, दो बदमाश घायल, गिरोह का भंडाफोड़

डकैती कांड के वांछितों से मुठभेड़: 60 हजार नकद और तमंचे बरामद

नहर किनारे पुलिस से मुठभेड़, 25-25 हजार के इनामी समेत चार दबोचे

जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली, दो पुलिसकर्मी भी घायल

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

भोजीपुरा। थाना भोजीपुरा पुलिस ने देर रात गश्त के दौरान मुठभेड़ में डकैती के वांछित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि एक दरोगा और एक सिपाही भी घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 60 हजार रुपये नकद, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।

संदिग्ध पिकअप देख पुलिस को हुआ शक

पुलिस के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 1:40 बजे थाना प्रभारी भोजीपुरा पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अपराधियों की तलाश में थे। ग्राम मसीत से महेशपुर शिवसिंह मार्ग पर एक पिकअप वाहन संदिग्ध हालत में खड़ा मिला, जिसकी नंबर प्लेट कपड़े से ढकी थी।

पुलिस ने वाहन को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक नहर किनारे तेज रफ्तार में भाग निकला। कुछ दूरी पर वाहन पेड़ से टकराकर रुक गया।

बदमाशों ने झोंका फायर, पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई

पुलिस टीम के पहुंचते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उपनिरीक्षक रुक्मेश सिंह और सिपाही संजय सागर घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी।

घायल बदमाशों की पहचान अकरम अली निवासी लभेड़ा थाना हाफिजगंज और आसिफ निवासी तुलसी नगर एजाज नगर गोटिया थाना बारादरी के रूप में हुई है। मौके से साहिल और शाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

डकैती कांड में थे वांछित

चारों आरोपी थाना भोजीपुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 87/26, धारा 310(2) बीएनएस (धौराटांडा डकैती प्रकरण, 12/13 फरवरी 2026) में वांछित चल रहे थे। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि अकरम और आसिफ ने 9/10 फरवरी की रात हरदोई के शाहाबाद थाना क्षेत्र में भी डकैती की वारदात को अंजाम दिया था।

यह हुआ बरामद

60,000 रुपये नकद

दो अवैध तमंचे 315 बोर

दो जिंदा व दो खोखा कारतूस

पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 26टी 0241)

घायल बदमाशों और पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए सीएचसी भोजीपुरा में भर्ती कराया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta