
502 ग्राम स्मैक के साथ हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार, कीमत करीब 50 लाख रुपये
बिना नंबर प्लेट की बाइक से कर रहा था तस्करी, गुगई तिराहा पर पुलिस ने दबोचा
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
मीरगंज (बरेली)। थाना मीरगंज पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर को 502 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बिना नंबर प्लेट की हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गुगई तिराहा पर संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलने के बाद घेराबंदी की गई थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक से गुजर रहे युवक को रोककर तलाशी ली गई। जांच में उसके पास से 502 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान पंकज उपाध्याय उर्फ पंकज शर्मा के रूप में हुई, जो क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह काफी समय से मादक पदार्थों की तस्करी में सक्रिय था और आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करने की फिराक में था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है और जल्द ही और खुलासे हो सकते हैं।