प्रेमनगर में कैफे पर छापा, हुक्का-शराब परोसते दो युवक गिरफ्तार

Spread the love

 

प्रेमनगर में कैफे पर छापा, हुक्का-शराब परोसते दो युवक गिरफ्तार

एसएसडी प्लाजा के कैफे में अवैध पार्टी का भंडाफोड़, पुलिस ने दबिश देकर पकड़े आरोपी

मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई, ‘द शीशी ओएसिस कैफे’ से हुक्के और अंग्रेजी शराब बरामद

रिपोर्ट: सौरभ गुप्ता

बरेली। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में एक कैफे में अवैध रूप से हुक्का और शराब परोसे जाने की सूचना पर पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार शाम छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया। मौके से हुक्के, अंग्रेजी शराब और अन्य सामग्री बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एसएसडी प्लाजा स्थित “द शीशी ओएसिस कैफे” में नियमों को ताक पर रखकर ग्राहकों को हुक्का और शराब परोसी जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद प्रेमनगर पुलिस ने आबकारी विभाग की टीम को साथ लेकर तत्काल कार्रवाई की।

रेड पड़ते ही मची अफरा-तफरी……

जैसे ही पुलिस टीम कैफे पहुंची, वहां मौजूद कई युवक भाग निकले। हालांकि पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान सुहैल (24) निवासी नगरिया, इज्जतनगर और अनस खान (21) निवासी कंजादासपुर, इज्जतनगर के रूप में हुई।

भारी मात्रा में सामान बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह हुक्के, चार बोतल अंग्रेजी शराब और करीब 50 फिल्टर पाइप बरामद किए। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर सील कर दिया गया है।

मुकदमा दर्ज, जांच शुरू

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 280/271 तथा आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta