भोजीपुरा में तड़के पुलिस–बदमाश आमना-सामना, फायरिंग के बाद दो दबोचे

Spread the love

 

भोजीपुरा में तड़के पुलिस–बदमाश आमना-सामना, फायरिंग के बाद दो दबोचे

जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली, हथियार और औजार बरामद

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह करीब दो बजे पुलिस और संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। कुछ अन्य लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले, जिनकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा सघन कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है।

सीओ हाइवे शिवम आशुतोष के अनुसार, भोजीपुरा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिघांई कायस्थान के जंगल में कुछ लोग अवैध रूप से गौकशी की तैयारी में जुटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी की।

बताया गया कि करीब 2:10 बजे पुलिस को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली कांस्टेबल रिंकू के बाजू को छूते हुए निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें राजू पुत्र अली जान कुरैशी निवासी मोलागढ़, थाना भोजीपुरा के बाएं पैर में गोली लग गई। उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने घायल आरोपी के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू बरामद किया। वहीं इकराम पुत्र छोटन निवासी वार्ड-9 धौराटांडा को भी मौके से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से गौकशी में प्रयुक्त होने वाले उपकरण मिले हैं।

घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भोजीपुरा भेजा गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी थाना भोजीपुरा में दर्ज मुकदमा संख्या 51/26, धारा 3/5/8 सीएस एक्ट से संबंधित हैं। घायल आरोपी राजू के खिलाफ पहले से करीब 18 आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta