
अखिल भारतीय हड़ताल का बरेली में जोरदार असर, बैंक-बीमा समेत कई सरकारी विभागों में कामकाज रहा प्रभावित
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। देशव्यापी हड़ताल का असर गुरुवार को बरेली में स्पष्ट रूप से देखने को मिला। बैंक, बीमा, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), सिंचाई विभाग और आयकर समेत कई सरकारी विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे, जिससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई बैंक शाखाएं बंद रहीं, जबकि कुछ स्थानों पर कर्मचारी नहीं पहुंचने से कामकाज पूरी तरह ठप रहा। बीमा कार्यालयों में भी ताले लटके नजर आए।
रामपुर गार्डन स्थित यूनियन बैंक शाखा के सामने बरेली ट्रेड यूनियंस फेडरेशन के नेतृत्व में मुख्य सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रगतिशील सांस्कृतिक मंच द्वारा जोशीले गीतों के साथ हुई। दस केंद्रीय श्रमिक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर आयोजित इस हड़ताल में बैंक, बीमा, पीडब्ल्यूडी और सिंचाई विभाग के कर्मचारियों के अलावा एटक, एचएमएस, इंकलाबी मजदूर केंद्र, क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन, मार्केट वर्कर्स एसोसिएशन, ऑटो टेंपो चालक वेलफेयर एसोसिएशन, बरेली कॉलेज कल्याण समिति, सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी संघ और नगर निगम कर्मचारी संगठनों ने भी भागीदारी या समर्थन दिया।

सभा की अध्यक्षता करते हुए मुकेश सक्सेना ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों का विरोध जताते हुए कहा कि देशभर में करोड़ों मेहनतकश इस आंदोलन में शामिल हुए हैं। यूनाइटेड फोरम बरेली के अध्यक्ष पी.के. माहेश्वरी ने बताया कि यूपी बैंक इम्प्लाइज यूनियन के आह्वान पर बैंकों में व्यापक असर देखने को मिला और कई शाखाओं में कार्य पूरी तरह बाधित रहा।
बीमा कर्मचारी संघ बरेली मंडल की महामंत्री गीता शांत ने कहा कि मंडल के सभी कर्मचारी हड़ताल में शामिल रहे। उन्होंने सार्वजनिक उपक्रमों के निजीकरण और बीमा क्षेत्र में 100 प्रतिशत विदेशी निवेश के प्रस्ताव का विरोध किया। फेडरेशन के उपाध्यक्ष अमीर खां ने बताया कि प्रांतीय आह्वान के तहत पीडब्ल्यूडी में भी हड़ताल सफल रही। उन्होंने ठेकाकरण और संविदा प्रथा समाप्त कर रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति की मांग उठाई।
हड़ताल स्थल पर सरकार विरोधी नारे गूंजते रहे। सभा को डॉ. अंचल अहेरी, प्रवीण राठौर, अरविंद देव सेवक, हरि शंकर, सलीम अहमद, मोहित देवल, रमीज अली, हिमांशु, सुंदर सिंह, पवन कुमार, संतोष कुमार, केसरी लाल, के.पी. सिंह, मोहम्मद फैसल और अफाक अहमद सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया।