
सिविल लाइंस में मनाई गई पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि, नेताओं ने किया नमन
समर्पण दिवस के रूप में याद किए गए जनसंघ के संस्थापक सदस्य, एकात्म मानववाद के सिद्धांतों पर चलने का आह्वान
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। भारतीय जनता पार्टी महानगर के तत्वावधान में परम श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि सिविल लाइंस स्थित होटल ओबराय आनंद में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प दोहराया।


मुख्य वक्ता ब्रज प्रांत संघचालक शशांक भाटिया ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय का जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन निर्माण को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि हमें उनके बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक महान विचारक, प्रखर राष्ट्रवादी नेता और समाजसेवी थे। उनकी पुण्यतिथि को ‘समर्पण दिवस’ के रूप में मनाया जाता है, ताकि उनके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाया जा सके।

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि नैतिकता के सिद्धांत बनाए नहीं जाते, बल्कि उन्हें खोजा जाता है—यह संदेश पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने अपने जीवन से दिया। उन्होंने उनके जीवन प्रसंगों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एकात्म मानववाद का सिद्धांत आज भी प्रासंगिक है और समाज को दिशा देने वाला है।

महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने भी उनके जीवन परिचय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों को जीवन में उतारने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अधीर सक्सेना ने की, जबकि संचालन महामंत्री प्रभु दयाल लोधी ने किया।
इस अवसर पर रामगोपाल मिश्रा, डॉ. विमल भारद्वाज, मनीष अग्रवाल, डॉ. तृप्ति गुप्ता, विष्णु शर्मा, रेखा श्रीवास्तव, बंटी ठाकुर, प्रवेश वर्मा, नीलम जेठा, योगेश कुमार, संजीव शर्मा, अमन सक्सेना, राजकिशोर कश्यप, रितेश मोहन गुप्ता, पवन अरोड़ा सहित पार्टी पदाधिकारी, पार्षद और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित कर उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।