
सड़क हादसे में घायल सिक्योरिटी गार्ड की इलाज के दौरान मौत, परिवार में मचा कोहराम
ड्यूटी से लौट रहे सिक्योरिटी गार्ड को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, 14 दिन बाद मौत
रामपुर से लौटते समय हादसा, निजी अस्पताल में उपचार के दौरान सिक्योरिटी गार्ड ने तोड़ा दम
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। थाना मीरगंज क्षेत्र में सड़क दुर्घटना का एक दर्दनाक मामला सामने आया है। गांव पैगा नगरिया उर्फ नगरीया भगत निवासी 30 वर्षीय तेजेंद्र पाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों के अनुसार तेजेंद्र पाल पुत्र लालता प्रसाद एसआईएस कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत था। उसकी ड्यूटी रामपुर स्थित एक शराब फैक्ट्री में लगी हुई थी। 17 जनवरी की रात ड्यूटी पूरी करने के बाद वह रोडवेज बस से अपने गांव लौट रहा था। गांव के पास बस से उतरते समय किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा था। हालत में सुधार न होने पर 31 जनवरी को उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। तेजेंद्र पाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक के परिवार में पत्नी चित्रकली के अलावा एक बेटी और एक बेटा है। पति और पिता के अचानक चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है