सट्टेबाजों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, तन्नू उर्फ़ जगमोहन हुआ जिले से बाहर

Spread the love

 

सट्टेबाजों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, तन्नू उर्फ़ जगमोहन हुआ जिले से बाहर

गुंडा एक्ट में कार्रवाई, छह महीने तक बरेली की सीमा में एंट्री बैन

ढोल-नगाड़ों के साथ बॉर्डर तक छोड़ आई पुलिस, माफिया को सख्त चेतावनी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। जिले में सट्टेबाजी के काले धंधे पर नकेल कसते हुए बारादरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से इलाके में आतंक का पर्याय बने शातिर सट्टा माफिया जगमोहन उर्फ तन्नू को जिला बदर कर दिया गया है। जिलाधिकारी बरेली के आदेश के बाद पुलिस ने उसे जनपद की सीमा से बाहर कर सख्त संदेश दिया है कि अपराधियों के लिए बरेली में कोई जगह नहीं है।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2025 में थाना बारादरी क्षेत्र में सक्रिय रहे सट्टा किंग जगमोहन उर्फ तन्नू (उम्र 28 वर्ष), निवासी मोहल्ला गंगापुर के खिलाफ उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम 1970 के तहत रिपोर्ट तैयार कर डीएम न्यायालय में पेश की गई थी। सुनवाई के दौरान अभियुक्त को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया गया, लेकिन रिकॉर्ड और गतिविधियों के आधार पर उसे क्षेत्र की शांति भंग करने वाला व्यक्ति माना गया।

न्यायालय के आदेश पर तन्नू को छह महीने के लिए बरेली जिले से निष्कासित कर दिया गया। आदेश के अनुपालन में 24 जनवरी को क्षेत्राधिकारी तृतीय पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में बारादरी पुलिस ने ढोल-मंजीरे बजाते हुए अभियुक्त को बरेली-पीलीभीत बॉर्डर तक पहुंचाया और जिला बदर की औपचारिकता पूरी की। इस कार्रवाई के दौरान प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।

पुलिस ने तन्नू को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जिला बदर की अवधि में उसने बरेली की सीमा में कदम रखा तो उसे तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि अभियुक्त के खिलाफ थाना बारादरी और कोतवाली में कुल 11 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराएं भी शामिल हैं।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta