
सरदार पटेल का योगदान आधुनिक भारत की नींव, उनका स्मरण सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री योगी
लखनऊ में लौहपुरुष की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री
लखनऊ, 15 दिसंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उन्हें नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण में उनका योगदान भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में अंकित है। मुख्यमंत्री ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और कहा कि सरदार पटेल आधुनिक भारत के सच्चे शिल्पकार थे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरदार पटेल का जीवन देश की एकता, अखंडता और सुशासन के लिए समर्पित रहा। यदि उनका मार्गदर्शन देश को अधिक समय तक मिला होता तो भारत और अधिक सशक्त स्वरूप में आगे बढ़ता, लेकिन 15 दिसंबर 1950 को उनका निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति साबित हुआ।
सामान्य परिवार से उठकर राष्ट्र के महानायक बने सरदार पटेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 अक्टूबर 1875 को गुजरात के करमसद गांव में जन्मे सरदार पटेल ने साधारण किसान परिवार से निकलकर अपने परिश्रम और संकल्प से उच्च शिक्षा प्राप्त की। उनका उद्देश्य निजी लाभ नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा था। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में अग्रणी भूमिका निभाई और अनेक बार कारावास की यातनाएं सहन कीं, किंतु कभी अपने लक्ष्य से विचलित नहीं हुए।

देश की एकता के सूत्रधार
सीएम योगी ने कहा कि आजादी के समय देश के समक्ष सबसे बड़ी चुनौती रियासतों का एकीकरण था। सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण 567 रियासतों का शांतिपूर्ण विलय संभव हो सका। जूनागढ़ और हैदराबाद जैसी जटिल रियासतें भी उनके कुशल नेतृत्व से भारत का अभिन्न अंग बनीं।
कश्मीर मुद्दे पर भी रखी स्पष्ट राय
मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर से जुड़े निर्णयों में तत्कालीन नेतृत्व की गलतियों के कारण यह विषय लंबे समय तक देश के लिए चुनौती बना रहा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धारा 370 समाप्त कर सरदार पटेल और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों को साकार किया और ‘एक देश, एक विधान, एक निशान’ के संकल्प को मजबूत किया।

गृह मंत्री के रूप में ऐतिहासिक योगदान
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि सरदार पटेल ने भारत के पहले गृह मंत्री के रूप में प्रशासनिक ढांचे को मजबूत किया, अखिल भारतीय सेवाओं को वर्तमान स्वरूप दिया और सोमनाथ मंदिर के पुनर्निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। उनका जीवन हर भारतीय के लिए राष्ट्रभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक, विधान परिषद सदस्य, भाजपा पदाधिकारी तथा सरदार पटेल स्मृति समारोह समिति के पदाधिकारी व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।