ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली में R बाजपेई फूड प्रतिष्ठान पर कर्मचारियों का आरोप, दो महीने का वेतन दबाकर मालिक पिता-पुत्र गायब! दिवाली भी रही फीकी

Spread the love

 

बरेली में R बाजपेई फूड प्रतिष्ठान पर कर्मचारियों का आरोप, दो महीने का वेतन दबाकर मालिक पिता-पुत्र गायब! दिवाली भी रही फीकी

चार कर्मचारियों के 1.78 लाख रुपये बकाया होने का दावा, थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार; पुलिस से कार्रवाई और वेतन दिलाने की मांग

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। कर्मचारियों से दिन-रात काम कराने के बाद दो महीने का वेतन दबाने और अचानक प्रतिष्ठान बंद कर गायब होने का आरोप शहर के एक फूड प्रतिष्ठान R बाजपेई के संचालकों पर लगा है। थाना बारादरी क्षेत्र के आर बाजपेयी एंड फूड (R Bajpayee & Food) के मालिक रोहित बाजपेयी और उनके पिता नवीन कुमार बाजपेयी के खिलाफ चार कर्मचारियों ने थाना बारादरी में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों का आरोप है कि उनका करीब 1.78 लाख रुपये का वेतन बकाया है। बार-बार तकादा करने के बावजूद भुगतान नहीं किया गया। वेतन न मिलने से उनकी दिवाली भी फीकी गुजर गई।

शिकायती पत्र के मुताबिक, रोहित बाजपेयी निवासी अंचल कॉलोनी, थाना बारादरी और उनके पिता नवीन कुमार बाजपेयी का प्रतिष्ठान विभिन्न स्थानों पर संचालित है। यहां कर्मचारी अलग-अलग पदों पर काम करते थे। आरोप है कि पिछले दो महीने का वेतन बकाया होने पर कर्मचारियों ने कई बार रुपये मांगे, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया गया। कर्मचारियों को सात नवंबर 2026 को वेतन देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन आरोप है कि छह नवंबर की रात से ही रोहित बाजपेयी और उनके पिता गायब हो गए।

कर्मचारियों का कहना है कि वेतन के भरोसे त्योहार की तैयारियां कर रहे थे, लेकिन भुगतान नहीं होने से दीपावली का त्योहार भी ठीक से नहीं मना सके। अब परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो रहा है।

चार कर्मचारियों का 1.78 लाख रुपये वेतन बकाया 

प्रार्थना पत्र में चार कर्मचारियों ने अपने बकाया वेतन का विवरण भी दिया है। इसमें मैनेजर मोहम्मद अरशद का 35 हजार रुपये, मार्केटिंग मैनेजर राहुल शर्मा उर्फ पांडेय जी का 80,547 रुपये, मैनेजर/कैशियर दीपक अग्रवाल का 35 हजार रुपये और ड्राइवर प्रिंस पांडेय का 28 हजार रुपये बकाया बताया गया है। चारों का कुल बकाया 1,78,547 रुपये है।

कर्मचारियों ने थाना बारादरी पुलिस से मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और उनकी मेहनत की कमाई दिलाने की मांग की है। फिलहाल लगाए गए आरोपों पर प्रतिष्ठान संचालकों का पक्ष सामने आना बाकी है।

Media Alert
Author: Media Alert

विज्ञापन
ताजा खबर