ट्रेंडिंग स्टोरी
विज्ञापन

बरेली मे दिवाली पर आग से निपटने को बरेली फायर ब्रिगेड अलर्ट, शहर से देहात तक 15 ठिकानों पर तैनात रहेंगी दमकल गाड़ियां

Spread the love

बरेली मे दिवाली पर आग से निपटने को बरेली फायर ब्रिगेड अलर्ट, शहर से देहात तक 15 ठिकानों पर तैनात रहेंगी दमकल गाड़ियां

पटाखों की चिंगारी से कहीं न भड़क उठे आग! दिवाली पर चप्पे-चप्पे पर रहेगी दमकल की नजर, चंद मिनट में पहुंचेगी फायर ब्रिगेड

आठ नवंबर तक सुबह 10 बजे से मोर्चे पर रहेंगे दमकलकर्मी, आतिशबाजी की दुकानों पर भी होगी सुरक्षा इंतजामों की निगरानी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। दिवाली पर पटाखों की आतिशबाजी के बीच आग की कोई घटना हुई तो उससे निपटने के लिए दमकल विभाग पूरी तरह तैयार रहेगा। त्योहार के दौरान आगजनी की आशंका को देखते हुए शहर से लेकर देहात तक 15 संवेदनशील स्थानों पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां तैनात की जाएंगी। यानी कहीं भी आग की लपटें उठीं तो दमकल की टीमें बिना देर किए मोर्चा संभालेंगी। विभाग ने इसके लिए विशेष ड्यूटी चार्ट जारी कर दिया है।

छह से आठ नवंबर तक दमकलकर्मी सुबह 10 बजे से लेकर कार्यक्रम और आतिशबाजी की दुकानें बंद होने तक मुस्तैद रहेंगे। खास तौर पर पटाखों की अस्थायी दुकानों पर सुरक्षा मानकों की निगरानी की जाएगी, ताकि छोटी सी चिंगारी भी बड़े हादसे की वजह न बन सके।

शहर में आठ स्थानों पर रहेगा दमकल का पहरा

शहरी क्षेत्र में आठ प्रमुख स्थानों को संवेदनशील मानते हुए दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं। इनमें एमबी इंटर कॉलेज मैदान, रामलीला मैदान, इज्जतनगर थाना क्षेत्र का क्रिकेट ग्राउंड, बदायूं रोड पर दूरदर्शन टावर के सामने, इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान, आईटीआई चलचित्र निगम परिसर और सीबीगंज में रामपुर रोड समेत अन्य चिह्नित स्थल शामिल हैं।

इन स्थानों पर तैनात फायरकर्मी आतिशबाजी की दुकानों का लगातार निरीक्षण करेंगे। दुकानदारों को सुरक्षा नियमों का पालन कराने के साथ आग बुझाने के लिए उपलब्ध संसाधनों की भी जांच की जाएगी।

देहात में भी सात जगह दमकल की तैनाती

शहर ही नहीं, ग्रामीण इलाकों में भी अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा का घेरा तैयार किया है। बहेड़ी के रामलीला मैदान, मीरगंज नगर पंचायत कार्यालय के पीछे खाली जमीन, नवाबगंज क्षेत्र में बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे के निर्माणाधीन मार्ग, आंवला में परशुराम चौक के पास और फरीदपुर के सीएनएस कॉलेज रामलीला मैदान समेत सात स्थानों पर दमकल की गाड़ियां तैनात रहेंगी।

हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों के साथ ड्यूटी, कंट्रोल रूम से सीधा संपर्क

मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा की ओर से जारी निर्देशों में सभी कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी, हेलमेट और जरूरी सुरक्षा उपकरणों के साथ ड्यूटी करने को कहा गया है। सभी टीमें फायर स्टेशन के कंट्रोल रूम के संपर्क में रहेंगी। किसी भी इलाके से आग लगने की सूचना मिलते ही नजदीकी दमकल वाहन को तत्काल रवाना किया जाएगा। कर्मचारियों को समय से तैनाती स्थल पर पहुंचने और पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

पटाखों की दुकानें बंद होने के बाद ही मिलेगी छुट्टी

विभाग ने साफ कर दिया है कि आठ नवंबर को आतिशबाजी की दुकानें पूरी तरह बंद होने के बाद ही कर्मचारियों की ड्यूटी समाप्त होगी। तैनात फायरकर्मी पहले अपने प्रभारी को इसकी सूचना देंगे, इसके बाद ही मौके से हट सकेंगे।

अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि दिवाली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग ने पुख्ता इंतजाम किए हैं। सभी टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। आतिशबाजी की दुकानों पर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के साथ आग लगने की सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Media Alert
Author: Media Alert