
बारादरी थाने की जांच दूसरे थाने से कराने की मांग, पीड़ित ने एसएसपी को सौंपा प्रार्थना पत्र
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। बारादरी थाना क्षेत्र के जगतपुर, पुराना शहर निवासी ब्रजेश कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर अपने मुकदमे की विवेचना किसी अन्य थाने में स्थानांतरित कराने की मांग की है। उनका आरोप है कि वर्तमान में मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से नहीं की जा रही है।
ब्रजेश कुमार के अनुसार, उन्होंने 11 जुलाई को थाना बारादरी में एक मुकदमा दर्ज कराया था, जिसकी विवेचना फिलहाल एसआई अवनीश कुमार कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें आशंका है कि स्थानीय स्तर पर जांच प्रभावित हो सकती है, जिससे मामले की निष्पक्षता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शिकायत में उन्होंने यह भी कहा है कि जब भी वह अपने मुकदमे की प्रगति जानने के लिए थाना बारादरी पहुंचते हैं, तो उन्हें संतोषजनक जानकारी नहीं दी जाती। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मी उनसे उचित व्यवहार नहीं करते और उन्हें बिना जानकारी दिए वापस भेज दिया जाता है।
पीड़ित का कहना है कि घटना में उनके भाई की मृत्यु हुए करीब 24 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक जांच में कोई ऐसी प्रगति सामने नहीं आई है जिससे उन्हें न्याय मिलने की उम्मीद दिखाई दे। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से अनुरोध किया है कि मामले की पारदर्शी और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए विवेचना किसी अन्य थाने या स्वतंत्र अधिकारी को स्थानांतरित की जाए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई हो।