तंबाकू पर ‘कुबेर’ का विवाद भड़का, महंत ओमेंद्र महाराज ने जताई कड़ी आपत्ति

Spread the love

 

तंबाकू पर ‘कुबेर’ का विवाद भड़का, महंत ओमेंद्र महाराज ने जताई कड़ी आपत्ति

धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ का आरोप, संत समाज भी आया मैदान में

विनोद गुप्ता की मुहिम तेज, सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

शाहबाद (रामपुर)।  देशभर में एक बार फिर तंबाकू उत्पादों पर धार्मिक आस्था के इस्तेमाल को लेकर विवाद गरमा गया है। रामपुर जनपद के शाहबाद निवासी पत्रकार विनोद गुप्ता द्वारा छेड़ी गई मुहिम अब जोर पकड़ती जा रही है। आरोप है कि बाजार में खुलेआम बिक रहे ‘कुबेर’ नाम के तंबाकू उत्पादों पर भगवान श्री कुबेर की तस्वीर लगाकर व्यापार किया जा रहा है, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हो रही हैं।

इस मामले ने अब संत समाज का भी ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। विश्व प्रसिद्ध मनोना धाम श्री श्याम मंदिर के पूज्य महंत श्री ओमेंद्र महाराज ने इस पर गहरी नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने मुखारविंद से कुबेर तंबाकू कंपनी के संचालकों से तत्काल भगवान की तस्वीर हटाने की अपील करते हुए कहा कि सनातन धर्म के प्रतीकों का इस प्रकार व्यावसायिक उपयोग बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

पत्रकार विनोद गुप्ता ने इस मुद्दे को मीडिया, सोशल मीडिया और विभिन्न प्लेटफॉर्म्स के जरिए लगातार उठाया है। उनकी इस मुहिम को देशभर में समर्थन भी मिल रहा है और तंबाकू व्यापारियों तक इसकी गूंज पहुंच चुकी है। बावजूद इसके, अब तक संबंधित कंपनी की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

इधर, भारतीय मानवाधिकार संगठनों ने भी इस पूरे प्रकरण की कड़ी निंदा करते हुए इसे आस्था के साथ खिलवाड़ बताया है। वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

धार्मिक भावनाओं और व्यावसायिक हितों के टकराव के इस मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। देखना होगा कि प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है और कब तक विवादित उत्पादों से भगवान की तस्वीर हटाई जाती है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta