
बरेली मंडल में आंधी-बूंदाबांदी से बदला मौसम, राहत के साथ किसानों की बढ़ी टेंशन
तेज हवाओं और बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, फसलों पर संकट के बादल
मौसम ने ली करवट: शहर में ठंडक, खेतों में बढ़ी चिंता
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! जिले में मंगलवार को मौसम ने अचानक रुख बदल लिया। सुबह से ही हल्की ठंडक और बादलों की आवाजाही ने लोगों को चौंकाए रखा। दोपहर तक सूरज और बादलों के बीच लुकाछिपी का खेल चलता रहा, जिससे तेज गर्मी से राहत मिली, लेकिन मौसम की अनिश्चितता बनी रही।
दोपहर करीब दो बजे के बाद मौसम ने पूरी तरह करवट ली। अचानक आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। कई इलाकों में धूल भरी आंधी से जनजीवन प्रभावित हुआ। सड़कों पर धूल का गुबार छा गया, जिससे वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। इसके बाद हल्की बूंदाबांदी शुरू हुई, जिसने मौसम को सुहावना बना दिया।
तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस रहा, जो पिछले दिनों की तुलना में कम है। मौसम के ठंडे तेवर से लोगों ने राहत महसूस की और बाजारों में भी रौनक दिखाई दी। हालांकि, आंधी के दौरान कुछ समय के लिए आवागमन बाधित रहा।
किसानों की बढ़ी चिंता
मौसम का यह बदला मिजाज किसानों के लिए चिंता का कारण बन गया है। हाल ही में आई आंधी और बेमौसम बारिश से फसलों को पहले ही नुकसान पहुंच चुका है। अब फिर से खराब मौसम की आशंका ने किसानों की बेचैनी बढ़ा दी है।
प्रारंभिक सर्वे के अनुसार जिले की बहेड़ी, फरीदपुर और आंवला तहसीलों में सबसे अधिक असर देखने को मिला है। जिले में करीब पौने दो लाख हेक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की खेती होती है, जिसमें लगभग 20 फीसदी फसल प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।