रामनवमी पर श्यामगंज के साई-खाटूश्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

Spread the love

 

रामनवमी पर श्यामगंज के साई-खाटूश्याम मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

लकड़ी के चूल्हे पर बना महाप्रसाद, भंडारे में हजारों भक्तों ने लिया हिस्सा

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली!  बरेली के श्यामगंज स्थित श्री शिरडी साई-खाटूश्याम सर्वदेव मंदिर में रामनवमी के अवसर पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। पर्व को लेकर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य यजमान मनीष अग्रवाल और अंकुर अग्रवाल द्वारा पंडित सुशील पाठक के सानिध्य में विधि-विधान से गणेश पूजन, गायत्री पूजन और दत्तात्रेय पूजन के साथ हुई। इसके बाद साईं बाबा का महाभिषेक कर हवन-पूजन संपन्न कराया गया।

इस बार भंडारे की खास बात यह रही कि गैस सिलेंडर की कमी के चलते प्रसाद पारंपरिक तरीके से लकड़ी और कंडों के चूल्हे पर तैयार किया गया। मंदिर के महंत पंडित सुशील पाठक ने बताया कि इस विधि से बने प्रसाद की सुगंध और स्वाद ने श्रद्धालुओं को पुराने समय की याद दिला दी और इसे विशेष रूप से सराहा गया।

दोपहर 12 बजे भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर विशेष आरती की गई। भोग लगाने के बाद कन्या पूजन संपन्न हुआ, जिसमें कन्याओं और बटुकों को भोजन कराकर उनका आशीर्वाद लिया गया। इसके बाद भंडारे की शुरुआत हुई, जो देर शाम तक लगातार चलता रहा।

आयोजन के दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार, भाजपा नेता अनिल कुमार सक्सेना सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मंदिर पहुंचे। उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘साईं नाथ महाराज की जय’ के जयकारों से गूंजता रहा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta