बरेली में पुलिस-गौकशों की मुठभेड़, 4 गिरफ्तार; 2 बदमाशों के पैर में लगी गोली

Spread the love

 

बरेली में पुलिस-गौकशों की मुठभेड़, 4 गिरफ्तार; 2 बदमाशों के पैर में लगी गोली

फायरिंग कर भाग रहे थे गौकशी गिरोह के सदस्य, पुलिस ने घेराबंदी कर किया पर्दाफाश

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। जनपद में गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बहेड़ी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। शुक्रवार तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस ने गौकशी गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। वहीं, मुठभेड़ के दौरान एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुआ है।

पुलिस के अनुसार, श्यामाचरण गोटिया क्षेत्र के जंगल में किच्छा नदी किनारे गौवंशीय पशु के वध की सूचना पर पहले ही मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में शुक्रवार सुबह करीब चार बजे सूचना मिली कि आरोपी फिर से वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस ने उत्तमनगर रोड स्थित नहर पुलिया के पास चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक नीले-सफेद रंग का संदिग्ध टेंपो आता दिखाई दिया। पुलिस के रुकने के इशारे पर चालक वाहन मोड़कर भागने लगा।

करीब 400 मीटर पीछा करने के बाद टेंपो फंस गया। घिरते देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसमें हेड कांस्टेबल सरजीत सिंह घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने मौके से चारों आरोपियों को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फैजान निवासी इस्लामनगर, लईक निवासी जाफरपुर (दोनों घायल), सद्दाम निवासी राजानगर और रवि निवासी श्यामाचरण गोटिया के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, 12 बोर का एक तमंचा, एक रिवॉल्वर, जिंदा और खोखा कारतूस, पशु वध में प्रयुक्त उपकरण, ₹10,000 नकद, तीन मोबाइल फोन और एक टेंपो बरामद किया है।

घायल पुलिसकर्मी और बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है और क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह सामान्य है!

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta