जेल में बीमार बंदी की हालत नाजुक, पिता की पुकार—“बेटे को दिलाएं बेहतर इलाज”

Spread the love

 

जेल में बीमार बंदी की हालत नाजुक, पिता की पुकार—“बेटे को दिलाएं बेहतर इलाज”

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता 

बरेली। जिला कारागार-2 भुता में पिछले करीब 5 साल 3 माह से बंद गुड्डू पुत्र इसराईल की सेहत लगातार बिगड़ती जा रही है। लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे इस बंदी के इलाज को लेकर अब उसके परिजन प्रशासन के दरवाजे खटखटा रहे हैं।

परिजनों के अनुसार गुड्डू कई गंभीर समस्याओं से ग्रसित है। उसके गले में फोड़ा है, साथ ही वह टीबी और जोड़ों से जुड़ी बीमारी से भी पीड़ित बताया जा रहा है। 24 मार्च को उसे पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामले में न्यायालय में पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान उसकी हालत को देखते हुए न्यायाधीश ने जेल प्रशासन को उचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए थे।

हालांकि, परिवार का आरोप है कि इन निर्देशों के बावजूद जेल में उसे पर्याप्त इलाज नहीं मिल पा रहा है। इसी को लेकर गुड्डू के पिता इसराईल जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपने बेटे के इलाज के लिए गुहार लगाई। उन्होंने मांग की है कि गुड्डू को बरेली मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल या पीजीआई जैसे बड़े अस्पताल में भर्ती कराया जाए, ताकि उसका समुचित उपचार हो सके।

इसराईल का कहना है कि उनका बेटा थाना शीशगढ़ में दर्ज पॉक्सो एक्ट के मामले में लंबे समय से जेल में बंद है और लगातार बीमार रहने के कारण उसकी हालत दिन-ब-दिन खराब होती जा रही है।

वहीं, गुड्डू के अधिवक्ता अब्दुल शाहिद का कहना है कि कानून के तहत हर बंदी को उचित चिकित्सा सुविधा मिलना उसका अधिकार है, चाहे उस पर कोई भी आरोप क्यों न हो। उन्होंने बताया कि अदालत भी इलाज के निर्देश दे चुकी है, ऐसे में प्रशासन को तुरंत संज्ञान लेकर बेहतर उपचार सुनिश्चित करना चाहिए!

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta