25 हजार का इनामी गौकशी आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

Spread the love

 

25 हजार का इनामी गौकशी आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैरों में लगी गोली

फायरिंग के बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई, इनामी बदमाश कामिल उर्फ नक्ता दबोचा

गौकशी के आरोपी से मुठभेड़: पुलिस पर चलाई गोली, जवाबी फायर में घायल होकर धराया

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना पुलिस ने बुधवार सुबह मुठभेड़ के दौरान गौकशी के मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जबकि एक उपनिरीक्षक भी घायल हो गया। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, 25 मार्च की सुबह गश्त के दौरान टीम को सूचना मिली कि गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे में फरार चल रहा इनामी आरोपी कामिल उर्फ नक्ता बंद पड़ी रबर फैक्ट्री के पास जंगल में मौजूद है और किसी वारदात की फिराक में है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े पांच बजे आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। एक गोली उपनिरीक्षक पंकज कुमार के बाजू को छूते हुए निकल गई।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें कामिल उर्फ नक्ता के दोनों पैरों में गोली लग गई। घायल होने के बाद वह मौके पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान कामिल उर्फ नक्ता पुत्र गुलाम फरीद निवासी मोहल्ला ग्यासपुर, थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार आरोपी पर गौकशी, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब 15 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta