
नवरात्र की पहली सुबह… बरेली मंडल में आस्था का विस्फोट, मंदिरों में उमड़ी बेकाबू भीड़
जय माता दी के जयकारों से गूंजा पूरा मंडल, दर्शन के लिए घंटों कतार में श्रद्धालु
भारी भीड़ के बीच हाई अलर्ट पर पुलिस, हर मंदिर पर सुरक्षा के सख्त इंतजाम
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! बरेली मंडल मे नवरात्र के पहले ही दिन आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। चैत्र नवरात्र की शुरुआत के साथ ही बरेली मंडल पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग गया। गुरुवार तड़के से ही प्रमुख देवी मंदिरों के बाहर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। साहूकारा स्थित नवदुर्गा मंदिर और चौरासी घंटा मंदिर में दर्शन के लिए भारी भीड़ उमड़ी, जहां भक्त घंटों इंतजार कर मां शैलपुत्री के दर्शन करते नजर आए।
मंदिर परिसरों में सुबह से ही घंटों-घड़ियाल की गूंज और ‘जय माता दी’ के जयकारों ने माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया।
घर-घर हुई घट स्थापना, शुरू हुई शक्ति साधना
नवरात्र के पहले दिन श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से अपने घरों में घट स्थापना की। ज्योतिषाचार्य पंडित डॉ. सौरभ शंखधार के मुताबिक, चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से नव संवत्सर की शुरुआत होती है और यही दिन सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।
इन नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है, जिसमें दुर्गा सप्तशती पाठ, उपवास, मंत्र जाप और साधना का विशेष महत्व है।
पीलीभीत में सुबह 6 बजे से ही लगी लाइनें
पीलीभीत के प्राचीन यशवंतरी देवी मंदिर में सुबह होते ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्त फल-फूल और चुनरी चढ़ाकर माता का आशीर्वाद लेते नजर आए।
निरंजन कुंज कॉलोनी और टनकपुर हाईवे स्थित संतोषी माता मंदिर में भी दिनभर दर्शनार्थियों का तांता लगा रहा।
शाहजहांपुर में भजन-कीर्तन, बदायूं में सजी आस्था की नगरी
शाहजहांपुर में सुबह शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना के साथ मंदिरों में पूजा-अर्चना शुरू हुई। बाबा विश्वनाथ मंदिर, काली माता मंदिर और फूलमती मंदिर में भारी भीड़ देखने को मिली।
वहीं बदायूं में मंदिरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया, जहां श्रद्धालुओं ने मां शैलपुत्री की पूजा कर सुख-समृद्धि की कामना की।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, हर जगह पुलिस तैनात
भीड़ को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आया। सभी प्रमुख मंदिरों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
पेयजल, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
नवरात्र की पहली सुबह पूरे बरेली मंडल में भक्ति, श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला — जहां हर ओर सिर्फ एक ही आवाज गूंज रही थी… “जय माता दी!”
