
बरेली में गैस सिलेंडर संकट गहराया: बुकिंग ठप, एजेंसियों पर लंबी कतारें, हेल्पलाइन भी बेअसर
बरेली मे सिलेंडर के लिए भटक रहे लोग: ऑनलाइन बुकिंग बंद, एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं का हाहाकार
एलपीजी की किल्लत से बढ़ी परेशानी: कई दिन बाद मिल रहा सिलेंडर, कालाबाजारी के भी आरोप
बरेली में गैस सिलेंडर को लेकर मचा हाहाकार, बुकिंग में दिक्कत, एजेंसियों पर लगी लंबी कतारें
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। शहर में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर की कमी से उपभोक्ताओं की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई गैस एजेंसियों पर बुकिंग नहीं हो पा रही है, जबकि जिन लोगों ने पहले से फोन या ऑनलाइन माध्यम से सिलेंडर बुक कराया है, उन्हें भी समय पर डिलीवरी नहीं मिल पा रही। हालात यह हैं कि लोगों को तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है।
सिलेंडर न मिलने से परेशान उपभोक्ता अब सीधे गैस एजेंसियों पर पहुंच रहे हैं, जहां लंबी कतारें लग रही हैं। कई जगहों पर भीड़ के कारण बहस और नाराजगी के हालात भी बन रहे हैं। इस बीच शिकायत दर्ज कराने के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर भी उपभोक्ताओं को अक्सर बंद मिल रहा है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
शिकायत के लिए जारी हेल्पलाइन भी नहीं मिल रही
गैस आपूर्ति में गड़बड़ी, डिलीवरी में देरी या तय कीमत से अधिक वसूली की शिकायत दर्ज कराने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय की ओर से हेल्पलाइन नंबर 9456667774 जारी किया गया था। इस नंबर पर उपभोक्ताओं को अपनी समस्या दर्ज कराने की सुविधा दी गई है।
हालांकि कई उपभोक्ताओं का कहना है कि इस नंबर पर कई बार कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं हो पा रहा है। ऐसे में लोगों का कहना है कि जब शिकायत दर्ज कराने का नंबर ही काम नहीं कर रहा तो एजेंसियों की मनमानी की शिकायत आखिर कहां करें।
बुकिंग के लिए एजेंसियों पर उमड़ रही भीड़
शहर के अलग-अलग इलाकों में संचालित गैस एजेंसियों पर इन दिनों रोजाना बड़ी संख्या में उपभोक्ता पहुंच रहे हैं। कई लोगों का कहना है कि ऑनलाइन और फोन से बुकिंग नहीं हो पा रही, इसलिए उन्हें एजेंसी जाकर ही बुकिंग करानी पड़ रही है।
कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि कुछ एजेंसियों में पुराने कनेक्शन नंबरों से फर्जी बुकिंग दिखाकर सिलेंडर स्टॉक किया जा रहा है। बाद में इन्हें जरूरतमंद लोगों को अधिक कीमत पर बेचने की कोशिश की जाती है। वहीं जब असली उपभोक्ता अपने नंबर से बुकिंग कराने पहुंचते हैं तो उन्हें बताया जाता है कि उनके नंबर से पहले ही बुकिंग और डिलीवरी हो चुकी है।
बुकिंग के बाद भी समय पर नहीं मिल रहा सिलेंडर
कई उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने फोन से सिलेंडर बुक कराया था, लेकिन तीन से चार दिन गुजरने के बाद भी सिलेंडर घर तक नहीं पहुंचा। इससे लोगों को खाना बनाने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि अचानक बुकिंग की संख्या बढ़ गई है, जबकि आपूर्ति और डिलीवरी स्टाफ सीमित है। इसी वजह से सिलेंडर की समय पर डिलीवरी करने में परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि जैसे ही पर्याप्त सप्लाई मिलेगी, सभी लंबित बुकिंग की डिलीवरी जल्द कर दी जाएगी।
डीएसओ ने कही यह बात
जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार का कहना है कि हेल्पलाइन नंबर बंद नहीं है। अधिक कॉल आने के कारण फोन अक्सर व्यस्त रहता है। उपभोक्ता लगातार संपर्क करने की कोशिश करें, उनकी शिकायत दर्ज की जाएगी।