एसपी सिटी की अगुवाई में फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था के लिए पुलिस-पीएसी अलर्ट

Spread the love

 

अलविदा की नमाज से पहले बरेली में हाई अलर्ट, शहर में फ्लैग मार्च, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात

बरेली में कड़ी सुरक्षा के बीच होगी अलविदा की नमाज, सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं

अलविदा जुमे को लेकर प्रशासन सतर्क, मस्जिदों के आसपास सुरक्षा घेरा, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

एसपी सिटी की अगुवाई में फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था के लिए पुलिस-पीएसी अलर्ट

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। रमजान के आखिरी जुमे यानी अलविदा की नमाज को लेकर जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। नमाज को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स की तैनाती की गई है।

प्रशासन का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त रखी गई है कि शहर के प्रमुख इलाकों में लगातार निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को विशेष रूप से भीड़ प्रबंधन और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

सड़कों पर नमाज की अनुमति नहीं

एसपी सिटी मानुष पारीक ने साफ कहा है कि अलविदा की नमाज सड़कों पर नहीं होने दी जाएगी। किसी भी तरह की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। व्यवस्था में बाधा डालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लोगों से शांति और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई है।

शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च

सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए एसपी सिटी मानुष पारीक के नेतृत्व में कोतवाली क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में सीओ सिटी प्रथम आशुतोष शिवम, कोतवाली इंस्पेक्टर सुरेंद्र चंद्र गौतम सहित कई थानों की पुलिस, पीएसी और पैरामिलिट्री फोर्स मौजूद रही।

फ्लैग मार्च शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। साथ ही अफवाह फैलाने वालों पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रमुख मस्जिदों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई

अलविदा की नमाज को देखते हुए शहर की प्रमुख मस्जिदों के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। किला स्थित जामा मस्जिद, अनाथालय रोड की नौमहला मस्जिद, खलील चौराहा स्थित आला हजरत मस्जिद और दरगाह आला हजरत सहित अन्य प्रमुख स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

नमाज के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया जाएगा, ताकि नमाजियों को किसी तरह की परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी प्रभावित न हो।

नगर निगम ने भी बढ़ाई तैयारियां

नगर निगम ने भी अलविदा की नमाज को देखते हुए तैयारियां तेज कर दी हैं। मस्जिदों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया है। कई स्थानों पर चूना छिड़काव कराया गया है।

इसके अलावा नमाजियों की सुविधा के लिए पानी के टैंकर भी लगाए जा रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि नमाज के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

 

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta