बायोगैस प्लांट में घुसा हमलावर, मैनेजर और डिप्टी मैनेजर को गोलियों से भून डाला

Spread the love

 

बायोगैस प्लांट में घुसा हमलावर, मैनेजर और डिप्टी मैनेजर को गोलियों से भून डाला

दिनदहाड़े डबल मर्डर से दहला बदायूं, एचपीसीएल प्लांट में दो अधिकारियों की गोली मारकर हत्या 

बायोगैस प्लांट में घुसकर मैनेजर और डिप्टी मैनेजर की हत्या, पूर्व कर्मचारी पर शक

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बदायूं। जिले के मूसाझाग क्षेत्र में गुरुवार को दिनदहाड़े हुए दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। गांव सैंजनी स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कम्प्रेस्ड बायोगैस प्लांट में घुसे एक हमलावर ने प्लांट के मैनेजर और डिप्टी मैनेजर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों अधिकारियों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया।

बताया जाता है कि प्लांट में अचानक गोली चलने की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ ही देर में पूरे परिसर में चीख-पुकार मच गई।

मृतकों की पहचान प्लांट के मैनेजर सुधीर गुप्ता और डिप्टी मैनेजर हर्षित मिश्रा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर सीधे अंदर पहुंचा और दोनों अधिकारियों को निशाना बनाते हुए लगातार गोलियां चलाईं। दोनों को दो से तीन गोलियां लगीं, जिससे वे वहीं गिर पड़े।

पूर्व कर्मचारी पर जताई जा रही आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस घटना के पीछे प्लांट का एक पूर्व कर्मचारी हो सकता है, जो पहले ऑपरेटर के पद पर काम करता था। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसके बाद से उसका प्रबंधन से विवाद चल रहा था।

सूत्रों के अनुसार मृतक अधिकारियों को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं और पहले भी हमले की कोशिश का मामला दर्ज हुआ था। माना जा रहा है कि उसी रंजिश में यह खौफनाक वारदात की गई।

पुलिस ने घेरा परिसर, सीसीटीवी खंगाले जा रहे

घटना की सूचना मिलते ही थाना दातागंज और मूसाझाग पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने पूरे प्लांट परिसर को घेरकर जांच शुरू कर दी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से पूछताछ की।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की तलाश में कई टीमें गठित की गई हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

दिनदहाड़े हुए इस दोहरे हत्याकांड से इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta