टैक्स का तगड़ा झटका: 700 से 14 हजार तक पहुंचा किराया, भड़के व्यापारी

Spread the love

 

टैक्स का तगड़ा झटका: 700 से 14 हजार तक पहुंचा किराया, भड़के व्यापारी

नगर निगम दफ्तर पर धरना-प्रदर्शन, रोलबैक न हुआ तो बाजार बंद की चेतावनी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। नगर निगम की नई कर निर्धारण सूची जारी होते ही शहर के व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। दुकान किराये में भारी बढ़ोतरी के विरोध में बुधवार को सैकड़ों व्यापारी नगर निगम कार्यालय पहुंच गए और जोरदार प्रदर्शन किया। पार्षद राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी, धरना और अधिकारियों से तीखी बहस भी हुई।

20 गुना तक बढ़ोतरी का आरोप

व्यापारियों का कहना है कि जिन दुकानों का मासिक किराया अब तक लगभग 700 रुपये था, उसे बढ़ाकर सीधे 14 हजार रुपये तक कर दिया गया है। उनका आरोप है कि यह बढ़ोतरी किसी ठोस सर्वे या व्यावहारिक आधार के बिना की गई है। छोटे दुकानदार पहले ही मंदी, बढ़ती लागत और कम बिक्री से जूझ रहे हैं, ऐसे में इतना अधिक किराया उनके लिए असहनीय साबित होगा।

प्रदर्शन कर रहे व्यापारियों ने कहा कि नगर निगम की टैक्स कमेटी से कई बार आपत्ति दर्ज कराई गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उनका सवाल था कि यदि आपत्तियों पर विचार ही नहीं करना था तो कमेटी गठन का औचित्य क्या था।

निगम प्रशासन से वार्ता की मांग

धरने के दौरान व्यापारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किराया वृद्धि वापस नहीं ली गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बाजार बंद, क्रमिक धरना और जनप्रतिनिधियों का घेराव जैसे कदम उठाने की भी घोषणा की गई।

फिलहाल नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि बढ़ते विरोध को देखते हुए जल्द ही वार्ता की संभावना जताई जा रही है। शहर के प्रमुख बाजारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं तेज हैं और व्यापारिक संगठनों की अगली रणनीति पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta