सरियों ने केबिन चीर डाला: बरेली में दर्दनाक हादसा, ट्रक पलटने से चालक की मौत, क्लीनर बाल-बाल बचा

Spread the love

 

सरियों ने केबिन चीर डाला: बरेली में दर्दनाक हादसा, ट्रक पलटने से चालक की मौत, क्लीनर बाल-बाल बचा

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। उत्तराखंड के काशीपुर से सरिया लेकर आ रहा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में उतरकर पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक में लदा भारी सरिया केबिन को चीरते हुए आगे निकल गया और चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सहचालक को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

क्षेत्राधिकारी आंवला नितिन कुमार ने बताया कि सोमवार तड़के करीब चार बजे रामनगर और मऊचंदपुर के बीच ट्रक संख्या UK18 CA 1984 आंवला की ओर आ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आने से ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे उतर गया। गड्ढे में गिरते ही पीछे लदा सरिया केबिन को तोड़ते हुए अंदर धंस गया।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली आंवला पुलिस, पीआरवी और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। सीटीटीएनएस टीम के एसआई रामवीर सिंह और सीएसए राजेश रावत ने रेस्क्यू ऑपरेशन संभाला। क्रेन की मदद से ट्रक का सामान हटाया गया और केबिन में फंसे चालक व सहचालक को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की गई।

कड़ी मशक्कत के बाद सहचालक अरुण सागर (26 वर्ष), पुत्र जशवीर, निवासी ग्राम हिम्मतपुर, काशीपुर (उत्तराखंड) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

वहीं चालक मोनू (24 वर्ष), पुत्र करण सिंह, सरियों के बीच बुरी तरह दब गया था। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्रारंभिक जांच में चालक को नींद आने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta