
यमुना एक्सप्रेस-वे पर बनेगी ‘ग्लोबल ट्विन सिटी’ : 1000 एकड़ में बसेंगी जापान और सिंगापुर सिटी, YEIDA ने शासन को भेजा प्रस्ताव
रिपोर्ट : लखनऊ ब्यूरो
लखनऊ । यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने एक्सप्रेस-वे के किनारे दो अंतरराष्ट्रीय स्तर की औद्योगिक नगरी बसाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। प्राधिकरण ने ‘जापान सिटी’ और ‘सिंगापुर सिटी’ के विकास का औपचारिक प्रस्ताव उत्तर प्रदेश शासन को भेज दिया है।
प्राधिकरण के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि दोनों परियोजनाओं के लिए भूमि चिन्हित कर ली गई है और अधिग्रहण की कार्ययोजना भी तैयार है। शासन को भेजे गए पत्र में इन सिटीज के लिए सेक्टर-5ए और सेक्टर-7 का प्रस्ताव रखा गया है।


500-500 एकड़ में विकसित होंगी सिटीज
प्रस्ताव के अनुसार ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में सेक्टर-5ए में 500 एकड़ भूमि पर जापान सिटी बसाई जाएगी, जबकि सेक्टर-7 में 500 एकड़ क्षेत्र में सिंगापुर सिटी विकसित की जाएगी। दोनों ही सेक्टर पहले से ही महायोजना में मल्टीपर्पज औद्योगिक क्षेत्र के रूप में निर्धारित हैं।
इन क्षेत्रों में न्यूनतम 70 प्रतिशत भूमि औद्योगिक उपयोग के लिए निर्धारित है। इसके अलावा अधिकतम 12 प्रतिशत आवासीय, 13 प्रतिशत वाणिज्यिक तथा न्यूनतम 5 प्रतिशत क्षेत्र संस्थागत सुविधाओं के लिए प्रस्तावित है। प्राधिकरण का कहना है कि इन सेक्टरों को एकीकृत औद्योगिक नगरी (इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल सिटी) के रूप में विकसित किया जाएगा।
सीएम की प्रस्तावित विदेश यात्रा से जुड़ा संदर्भ
बताया गया है कि मुख्यमंत्री की प्रस्तावित जापान और सिंगापुर यात्रा के मद्देनजर इन परियोजनाओं को गति दी गई है। शासन स्तर से प्राधिकरण क्षेत्र में जापान और सिंगापुर सिटी के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में यह प्रस्ताव भेजा गया है।
ईपीसी मोड पर होगा विकास
दोनों परियोजनाओं का विकास ईपीसी (इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन) मोड पर किए जाने का प्रस्ताव है। इसके तहत चयनित एजेंसी डिजाइन से लेकर निर्माण तक की पूरी जिम्मेदारी संभालेगी।
प्राधिकरण का दावा है कि इन सिटीज के विकसित होने से विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक कॉरिडोर को नई पहचान मिलेगी। रोजगार सृजन के साथ क्षेत्र में बुनियादी ढांचे का विस्तार भी तेज होगा।
