
बरेली कॉलेज में एनएसएस शिविर का पांचवां दिन: योग, सेल्फ डिफेंस और खेल से करियर के गुर सीखीं छात्राएं
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। National Service Scheme (एनएसएस) की छात्रा इकाई प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के पांचवें दिन का शुभारंभ लक्ष्य गीत के साथ उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ।
प्रथम सत्र में खेल जगत फाउंडेशन के श्री रतन गुप्ता ने योग अभ्यास के दूसरे दिन छात्राओं को विभिन्न योग मुद्राओं की विधि विस्तार से समझाई और उनका अभ्यास कराया। उन्होंने सूर्य नमस्कार का नियमित अभ्यास भी करवाया, जिससे छात्राओं में ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार हुआ।
इसके बाद छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए सेल्फ डिफेंस की तकनीकों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्राओं को विपरीत परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा के लिए सक्षम बनाना था।
कार्यक्रम के दौरान श्री गुप्ता ने खेल के क्षेत्र में उपलब्ध करियर संभावनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि खेल के माध्यम से शिक्षा, व्यवसाय और सरकारी सेवाओं में बेहतर अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं।
शिविर के अंत में सभी स्वयंसेविकाओं ने खिचड़ी सहभोज का आनंद लिया और आपसी संवाद के माध्यम से अपने अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर कार्यक्रम अधिकारी डॉ. शीतल गुप्ता, डॉ. अजिता सिंह तिवारी, डॉ. अमिता गुप्ता सहित एनएसएस की सभी स्वयंसेविकाएं उपस्थित रहीं।

