शादी का झांसा, फिर हैवानियत… चार माह तक संबंध बनाकर मुकरा आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार 

Spread the love

 

शादी का झांसा, फिर हैवानियत… चार माह तक संबंध बनाकर मुकरा आरोपी, पुलिस ने किया गिरफ्तार 

गुलड़िया तिराहे से दबोचा गया मुख्य अभियुक्त, जान से मारने की देता था धमकी

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। बरेली के शीशगढ़ थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी लगभग चार माह पहले एक युवक से जान-पहचान हुई थी। आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उससे शारीरिक संबंध बनाए। जब पीड़िता ने विवाह की बात कही तो आरोपी ने शादी से साफ इंकार कर दिया और कथित रूप से उसे जान से मारने की धमकी देने लगा।

मामले को गंभीरता से लेते हुए 15 फरवरी को थाना शीशगढ़ में मुख्य आरोपी नाजिम और दो अन्य सह-अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने 16 फरवरी की सुबह मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नाजिम पुत्र छोटे, निवासी ग्राम करीमगंज कल्यानपुर को गुलड़िया तिराहे से करीब 6:30 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अशिक्षित है और किच्छा क्षेत्र में मजदूरी करता है। गांव आने-जाने के दौरान ही उसका पीड़िता से संपर्क बढ़ा था।

प्रभारी निरीक्षक हरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में उप निरीक्षक अमर सिंह और हेड कांस्टेबल प्रदीप कुमार की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta