महाशिवरात्रि से पहले प्रशासन अलर्ट, एसपी सिटी–एडीएम सिटी ने मंदिरों में परखी तैयारियां

Spread the love

 

महाशिवरात्रि से पहले प्रशासन अलर्ट, एसपी सिटी–एडीएम सिटी ने मंदिरों में परखी तैयारियां

शिवरात्रि पर सुरक्षा चाक-चौबंद रखने की तैयारी, प्रमुख मंदिरों का अधिकारियों ने किया दौरा

भीड़ प्रबंधन से लेकर सफाई तक की समीक्षा, महाशिवरात्रि से पहले प्रशासन ने कसी कमर

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पर्व से एक दिन पूर्व एसपी सिटी मानुष पारीक और एडीएम सिटी सौरभ दुबे ने शहर के प्रमुख शिव मंदिरों का संयुक्त निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अधिकारियों ने मंदिर परिसरों, प्रवेश और निकास मार्गों के साथ आसपास की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। इस दौरान यातायात प्रबंधन, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, प्रकाश व्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति देखी गई। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा गया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए।

एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, ऐसे में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को प्राथमिकता दी जाए। संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और सतत गश्त के निर्देश भी दिए गए।

एडीएम सिटी ने नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों को पेयजल, स्वच्छता और रोशनी की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पर्व शांति और सौहार्द के माहौल में संपन्न हो सके।

प्रशासन का कहना है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं और हर स्थिति से निपटने के लिए पुलिस व प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta