
सिरौली में ‘सरकारी राशन’ की खुलेआम खरीद-फरोख्त? बाजार में ऊंचे दाम पर बिक्री का आरोप
आवश्यक वस्तु अधिनियम के उल्लंघन की आशंका, प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों का आरोप—शिकायतों के बावजूद नहीं हुई ठोस कार्रवाई
रिपोर्ट : विवेक गुप्ता
बरेली। जनपद के सिरौली नगर के मोहल्ला पंडाल क्षेत्र में सरकारी राशन की कथित अवैध खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। क्षेत्रवासियों का आरोप है कि एक व्यक्ति लाभार्थियों से सरकारी खाद्यान्न कम कीमत पर खरीदकर उसे खुले बाजार में अधिक दामों पर बेच रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब एक पत्रकार ने मौके पर पहुंचकर जानकारी लेने की कोशिश की तो संबंधित व्यक्ति ने बेखौफ अंदाज में जवाब दिया। कुछ देर के लिए दुकान बंद कर दी गई, लेकिन थोड़ी ही देर बाद दोबारा खरीद-फरोख्त शुरू कर दी गई। मौके पर पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम “अफसर अहमद” बताया।
स्थानीय जानकारों का कहना है कि यदि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के अंतर्गत वितरित खाद्यान्न की इस प्रकार खरीद-बिक्री की जा रही है, तो यह आवश्यक वस्तु अधिनियम और पीडीएस नियमों का गंभीर उल्लंघन हो सकता है। इस तरह की गतिविधियां जरूरतमंद लाभार्थियों के अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव डालती हैं और सरकारी योजनाओं की मंशा को कमजोर करती हैं।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों ने जिला प्रशासन और पूर्ति विभाग से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच के बाद ही पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

फोटो आरोपी : अफसर अहमद