अधिवक्ता की हत्या पर उबाल: बरेली बार एसोसिएशन का प्रदर्शन, सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा

Spread the love

 

अधिवक्ता की हत्या पर उबाल: बरेली बार एसोसिएशन का प्रदर्शन, सीएम को संबोधित ज्ञापन सौंपा

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। रामपुर में अधिवक्ता फारूक अहमद खां की दिनदहाड़े हत्या के विरोध में बरेली बार एसोसिएशन ने गुरुवार को जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने घटना पर रोष जताते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनोज हरित एडवोकेट और सचिव दीपक पांडेय एडवोकेट के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हुए। अध्यक्ष मनोज हरित ने कहा कि 11 फरवरी को दोपहर करीब 1:15 बजे रामपुर में अधिवक्ता फारूक अहमद खां की निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अधिवक्ताओं पर हमलों की घटनाएं बढ़ रही हैं, जबकि सरकार कानून-व्यवस्था मजबूत होने का दावा कर रही है।

अधिवक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से एडवोकेट्स प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए। ज्ञापन के माध्यम से मृतक अधिवक्ता के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की गई। साथ ही आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी सजा दिलाने की मांग उठाई गई।
इस दौरान कैलाश चंद्र गुप्ता, जय पाल सिंह, हुलासी राम गंगवार, रजत मोहन, राहुल सक्सेना, रोहित पांडेय समेत कई अधिवक्ता मौजूद रहे।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta