
योगी सरकार का बेटियों को बड़ा तोहफा, सामूहिक विवाह की राशि अब एक लाख हुई
गरीब पिताओं की चिंता हुई दूर, मान-सम्मान के साथ विवाह के लिए श्री शिरडी साई सेवा ट्रस्ट ने फैसले को सराहा
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली! उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने बजट में प्रदेश की गरीब बेटियों के सुनहरे भविष्य के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत मिलने वाली 50 हजार रुपए की सहायता राशि को बढ़ाकर अब सीधे 1 लाख रुपए कर दिया गया है। सरकार का यह फैसला उन हजारों पिताओं के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो बेटी के विवाह योग्य होने पर दिन-रात उसकी शादी के खर्चों को लेकर चिंतित रहते थे। अब गरीब परिवार की बेटियों का विवाह भी पूरे मान-सम्मान के साथ संपन्न हो सकेगा।
2017 से बेटियों का सहारा बनी सरकार
प्रदेश में साल 2017 में सरकार बनने के बाद से ही सामूहिक विवाह योजना को प्राथमिकता दी गई थी। लगातार हो रहे इन आयोजनों ने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को संबल दिया है। बजट में राशि को दोगुना करना यह दर्शाता है कि सरकार महिला सशक्तिकरण और गरीब परिवारों की आर्थिक सुरक्षा को लेकर गंभीर है। 1 लाख रुपए की राशि से एक मध्यम और गरीब परिवार अपनी बेटी की शादी की व्यवस्थाएं गरिमापूर्ण तरीके से कर सकेगा।
शिरडी साई सेवा ट्रस्ट ने किया फैसले का स्वागत
इस ऐतिहासिक निर्णय पर श्री शिरडी साई सेवा ट्रस्ट (रजिस्टर्ड), बरेली के सरबराकार पंडित सुशील कुमार पाठक ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि एक बेटी का पिता होने के नाते जो मानसिक दबाव और आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता है, सरकार ने उसे गहराई से समझा है। यह कदम प्रदेश की बेटियों के हाथ पीले करने में मील का पत्थर साबित होगा।
ट्रस्ट अब तक करा चुका है 1100 कन्याओं का विवाह
पंडित सुशील कुमार पाठक ने बताया कि समाज सेवा के इसी संकल्प को लेकर उनका ट्रस्ट भी लंबे समय से कार्यरत है। सीमित संसाधन होने के बावजूद श्री शिरडी साई सेवा ट्रस्ट अब तक 1100 से अधिक कन्याओं का विवाह संपन्न करा चुका है। उन्होंने कहा कि जब सरकारी प्रयासों के साथ सामाजिक संस्थाएं भी कंधे से कंधा मिलाकर चलती हैं, तभी समाज का वास्तविक उत्थान होता है।