मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में स्वास्थ्य विभाग की पोल खुली, निरीक्षण में फेल हुए कई अर्बन हेल्थ सेंटर

Spread the love

 

मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में स्वास्थ्य विभाग की पोल खुली, निरीक्षण में फेल हुए कई अर्बन हेल्थ सेंटर

आरोग्य मेले के दौरान औचक जांच, अर्बन हेल्थ सेंटरों की बदहाली पर डिप्टी सीएमओ सख्त

मरीजों की शिकायतों ने खोली हकीकत, आरोग्य मेले में लापरवाही पर स्वास्थ्य कर्मियों को फटकार

कागजी दावों की खुली कलई, मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में व्यवस्थाएं ध्वस्त

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के अवसर पर जाटवपुरा, बानखाना और मौलानगर में संचालित अर्बन प्राइमरी हेल्थ सेंटर उस समय सवालों के घेरे में आ गए, जब स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने औचक निरीक्षण कर जमीनी हालात का जायजा लिया। अचानक हुई इस जांच से महकमे में हड़कंप मच गया।

निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर व्यवस्थाएं बेहद कमजोर पाई गईं। कहीं दवाओं की कमी तो कहीं मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा। साफ-सफाई और मरीजों से व्यवहार को लेकर भी गंभीर शिकायतें सामने आईं, जिससे विभागीय दावों की सच्चाई उजागर हो गई।

मरीजों से सीधे संवाद, सामने आई असल तस्वीर

डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी ने खुद मरीजों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। मरीजों ने खुलकर बताया कि समय पर इलाज, दवाओं की उपलब्धता और बुनियादी सुविधाओं में लगातार लापरवाही हो रही है। उनकी बातों से स्वास्थ्य सेवाओं की असल स्थिति सामने आ गई।

लापरवाही पर सख्त रुख डिप्टी सीएमओ डॉ. लईक अहमद अंसारी

खामियां सामने आते ही डिप्टी सीएमओ ने मौके पर मौजूद कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने दो टूक कहा कि अब किसी भी तरह की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। चेतावनी दी गई कि दोबारा गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारों पर सीधी कार्रवाई तय है।

व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने समय पर ओपीडी संचालन, दवाओं की पूर्ण उपलब्धता, जांच सेवाएं, टीकाकरण और स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता से दुरुस्त करने के निर्देश दिए। मरीजों के साथ अभद्रता या टालमटोल पर भी कड़ी कार्रवाई के संकेत दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि निरीक्षण में सामने आई कमियों को तुरंत दूर कराया जाएगा और अब आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना ही प्राथमिक लक्ष्य रहेगा।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta