
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में ‘वतन को जानो’ अभियान की शुरुआत 6 फरवरी से, कश्मीर के 132 युवा लेंगे भाग
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। भारत सरकार के मेरा युवा भारत (माय भारत) अभियान के अंतर्गत रुहेलखंड विश्वविद्यालय में 6 फरवरी से ‘वतन को जानो’ कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। गृह मंत्रालय और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के संयुक्त सहयोग से आयोजित इस आयोजन में कश्मीर घाटी के छह जिलों से 132 युवा प्रतिभागी बरेली पहुंचेंगे।
अनंतनाग, पुलवामा, कुपवाड़ा, बारामुला, बडगाम और श्रीनगर से आने वाले ये प्रतिभागी 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के होंगे। कार्यक्रम के दौरान ये युवा छह दिनों तक बरेली में रहकर देश की सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं को नजदीक से समझेंगे। जिला युवा अधिकारी कार्यालय की ओर से कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
योग, स्वच्छता और सांस्कृतिक कार्यक्रम रहेंगे आकर्षण
कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन सुबह योग सत्र, स्वच्छता अभियान और श्रमदान आयोजित किए जाएंगे। वहीं, शाम के समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रतिभागी अपनी लोकसंस्कृति की प्रस्तुति देंगे।
7 फरवरी को विशेषज्ञ सत्र
7 फरवरी को हस्तशिल्प, ई-कॉमर्स और ‘विकसित भारत @2047’ विषयों पर विशेषज्ञों के सत्र आयोजित होंगे। इनमें डॉ. बीनू सिंह, डॉ. पंकज शर्मा और डॉ. छवि शर्मा प्रतिभागियों का मार्गदर्शन करेंगे।
कश्मीरी उत्पादों की प्रदर्शनी और फूड फेस्टिवल
9 फरवरी को शहरवासियों के लिए कश्मीर घाटी के उत्पादों की प्रदर्शनी और कश्मीरी व्यंजनों का फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में आम लोग भी भाग ले सकेंगे।
शैक्षणिक और औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण
8 और 10 फरवरी को कश्मीरी युवा दल जिले के प्रमुख शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण करेगा। इसके साथ ही प्रतिभागी रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर का दौरा करेंगे और खेल गतिविधियों में भी हिस्सा लेंगे।
कौशल विकास और आत्मनिर्भरता पर फोकस
युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कौशल विकास, स्टार्टअप इंडिया, ई-कॉमर्स और करियर काउंसलिंग से जुड़े सेमिनार भी आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में नवनीत कुमार शुक्ला और डॉ. सौरभ कुमार अग्रवाल जैसे विशेषज्ञ युवाओं को मार्गदर्शन देंगे।
कार्यक्रम का समापन 11 फरवरी को एक विशेष समारोह के साथ होगा, जिसमें प्रतिभागी अपने अनुभव साझा करेंगे। आयोजन का मुख्य केंद्र साउथ सिटी स्थित कार्यालय बनाया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई जानकारी
रुहेलखंड विश्वविद्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में माय भारत की उप निदेशक पुष्पा सिंह ने बताया कि कश्मीरी प्रतिभागी 6 फरवरी को बरेली पहुंचेंगे। इस दौरान जिला युवा अधिकारी शिखर रस्तोगी, प्रो. राकेश कुमार मौर्य, डॉ. सुमित श्रीवास्तव, डॉ. ज्योति पाण्डेय, डॉ. छवि शर्मा, अजय राज शर्मा और भूपेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं समन्वयक मौजूद रहे।