रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दो अन्य गंभीर रूप से घायल
रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता
फतेहगंज पश्चिमी। हाईवे पर राधा-कृष्ण मंदिर कट के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान थाना मीरगंज क्षेत्र के गांव गूला निवासी भगवान दास के रूप में हुई है। घायल अवस्था में उसे खिरका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस दुर्घटना में घायल हुए ब्रज किशोर और अजय पाल उर्फ बंटी की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद बरेली रेफर किया गया, जहां से उन्हें नवोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी पूरी पड़ताल की जा रही है।