नवाबगंज के गांव परोधी में दहशत जंगली सियारों के झुंड का हमला, किसान की हालत गंभीर

Spread the love

 

नवाबगंज के गांव परोधी में दहशत जंगली सियारों के झुंड का हमला, किसान की हालत गंभीर

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

बरेली। थाना नवाबगंज क्षेत्र के गांव परोधी में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब खेत में काम कर रहे एक बुजुर्ग किसान पर जंगली सियारों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में 80 वर्षीय किसान अगन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार अगन लाल मंगलवार सुबह अपने खेत में मजदूरों के साथ गन्ना छीलने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अचानक खेत के पास से जंगली सियारों का एक झुंड निकल आया और उन्होंने किसान पर हमला बोल दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर मौजूद मजदूरों में भगदड़ मच गई।

हमले में बुजुर्ग किसान के शरीर पर कई जगह गहरे घाव हो गए। शोर मचाने पर मजदूरों और ग्रामीणों ने किसी तरह सियारों को भगाया। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।

चिकित्सकों के मुताबिक किसान की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर रोक लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta