राम जनम यादव को बरेली नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी

Spread the love

राम जनम यादव को बरेली नगर मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी

रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता

अलंकार अग्निहोत्री प्रकरण के बाद डीएम का बड़ा फैसला, तत्काल प्रभाव से लागू आदेश

बरेली।जनपद बरेली में सिटी मजिस्ट्रेट पद से जुड़े हालिया विवादों के बाद जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण प्रशासनिक कदम उठाया है।

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने शासकीय कार्यहित को ध्यान में रखते हुए अपर उप जिलाधिकारी, सदर राम जनम यादव को प्रभारी नगर मजिस्ट्रेट, बरेली का अतिरिक्त कार्यभार सौंपने का आदेश जारी किया है।

यह व्यवस्था अग्रिम आदेशों तक प्रभावी रहेगी। राम जनम यादव यह दायित्व अपने वर्तमान पद के साथ-साथ निभाएंगे। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि उन्हें इस अतिरिक्त जिम्मेदारी के लिए कोई अलग भत्ता या अतिरिक्त भुगतान नहीं दिया जाएगा।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, चर्चित सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री से जुड़े घटनाक्रम के बाद नगर प्रशासन के कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि नगर मजिस्ट्रेट जैसे महत्वपूर्ण पद पर किसी भी प्रकार का कार्यात्मक शून्य न बने।

जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अधिकारियों का मानना है कि राम जनम यादव के प्रशासनिक अनुभव का लाभ नगर क्षेत्र से जुड़े कानून-व्यवस्था, राजस्व और प्रशासनिक समन्वय के मामलों में मिलेगा।

आदेश की प्रतिलिपि आयुक्त, बरेली मंडल को अवलोकनार्थ भेजी गई है। साथ ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, सभी अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, अपर नगर मजिस्ट्रेट प्रथम एवं द्वितीय, प्रभारी अधिकारी बिल्स (राजपत्रित) कलेक्ट्रेट सहित संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के लिए सूचित किया गया है।

गौरतलब है कि नगर मजिस्ट्रेट का पद प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ माना जाता है। ऐसे में राम जनम यादव को यह अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपे जाने को जिला प्रशासन का महत्वपूर्ण और व्यावहारिक निर्णय माना जा रहा है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta