गणतंत्र दिवस पर स्कूल में गूंजा ‘जिन्ना अमर रहे’ का नारा, मचा खूब बवाल

Spread the love

 

गणतंत्र दिवस पर स्कूल में गूंजा ‘जिन्ना अमर रहे’ का नारा, मचा खूब बवाल

बच्चों से नारे लगवाता रहा आरोपी शिक्षक, सूचना मिलते ही तत्काल स्कूल पहुंची पुलिस

सुपौल में राष्ट्रगान के बीच विवाद, आरोपी टीचर हुआ गिरफ्तार

रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता

सुपौल। गणतंत्र दिवस जैसे पवित्र राष्ट्रीय पर्व पर बिहार के सुपौल जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। झंडोत्तोलन और राष्ट्रभक्ति के माहौल के बीच एक सरकारी स्कूल में कथित तौर पर “जिन्ना अमर रहे” के नारे लगाए जाने से हड़कंप मच गया। मामला सामने आते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया।

घटना सुपौल जिले के अभुवार उच्च विद्यालय की बताई जा रही है। आरोप है कि स्कूल में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान शिक्षक मोहम्मद मंसूर आलम बच्चों से आपत्तिजनक नारे लगवा रहे थे। समारोह के दौरान अचानक ऐसे नारे सुनाई देने लगे, जिससे मौके पर मौजूद शिक्षक और ग्रामीण हैरान रह गए।

सूचना मिलते ही पुलिस भागते हुए स्कूल परिसर पहुंची और आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों ने भी पुलिस के सामने बयान दिए हैं, जिसके आधार पर प्रारंभिक जांच आगे बढ़ाई गई है। घटना के बाद शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया है।

इस पूरे मामले पर सुपौल के एसपी शरथ आर.एस. ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए कहा कि कानून के दायरे में रहकर सभी तथ्यों की गहन जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल गर्म है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि राष्ट्रीय पर्व पर स्कूल जैसे संवेदनशील स्थान पर ऐसी हरकत कैसे हुई।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta