हरदोई के टोंडरपुर में तिरंगे का अपमान, गंदगी भरे शौचालय में फेंका गया राष्ट्रीय ध्वज

Spread the love

 

हरदोई के टोंडरपुर में तिरंगे का अपमान, गंदगी भरे शौचालय में फेंका गया राष्ट्रीय ध्वज

राष्ट्रीय ध्वज का अपमान: टोंडरपुर ब्लॉक की लापरवाही पर उठे सवाल

शर्मनाक तस्वीर: गंदगी में पड़ा तिरंगा, बच्चों ने उठाया सम्मान का भार

कानून और सम्मान दोनों की अनदेखी, जिम्मेदार अधिकारी बने मौन दर्शक

रिपोर्ट : हरदोई ब्यूरो

हरदोई! हरदोई जनपद के विकासखंड टोंडरपुर से राष्ट्रीय सम्मान को ठेस पहुंचाने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां राष्ट्रीय तिरंगे के खुलेआम अपमान की तस्वीरें सामने आने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह मौन साधे हुए हैं। मामला टोंडरपुर ब्लॉक अंतर्गत बाल विकास परियोजना से जुड़ा बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ब्लॉक परिसर के समीप स्थित एक खंडहरनुमा इमारत के गंदगी से भरे शौचालय में राष्ट्रीय तिरंगे को कूड़े की तरह फेंक दिया गया। यह दृश्य न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि देश के सम्मान पर सीधा प्रहार भी माना जा रहा है। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि वहां पढ़ने वाले स्कूली बच्चे एक-एक कर तिरंगे को उठाते हुए नजर आए, जबकि जिम्मेदार कर्मचारियों ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।

राष्ट्रीय ध्वज संहिता के अनुसार तिरंगे का अपमान दंडनीय अपराध है, फिर भी इस मामले में संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई या स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर भारी आक्रोश है और वे दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

जनता का कहना है कि जब देश के भविष्य माने जाने वाले बच्चे तिरंगे का सम्मान करना जानते हैं, तो जिम्मेदार पदों पर बैठे लोग इस तरह की लापरवाही कैसे बरत सकते हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है और दोषियों पर कब कार्रवाई होती है।

Saurabh Gupta
Author: Saurabh Gupta