बरेली में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” का भव्य आयोजन
रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता
बरेली में उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर “विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश” थीम पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों की सहभागिता देखने को मिली।
समारोह में मुख्य अतिथि वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने प्रदेशवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश एक सशक्त, सुरक्षित और प्रगतिशील प्रदेश के रूप में पहचान बना चुका है, जिस पर प्रत्येक नागरिक को गर्व होना चाहिए।
महापौर डॉ. उमेश गौतम ने स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत बरेली में कराए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी और नागरिकों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
एमएलसी कुंवर महाराज सिंह ने प्रदेश के विकास में बरेली की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करते हुए जनता से सुरक्षा और सजगता बनाए रखने की अपील की। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा ने स्थापना दिवस के ऐतिहासिक महत्व और उत्तर प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं पर प्रकाश डाला।
मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में प्रदेश की समृद्ध संस्कृति, पर्यटन संभावनाओं और निरंतर हो रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया, जिसमें नृत्य, संगीत और प्रेरणादायक प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से आमजन को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। सीएम युवा उद्यमी योजना, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को चेक एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही शिक्षा, खेल, स्वास्थ्य और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नागरिकों और छात्रों को सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा स्थापना दिवस पर बनाई गई रंगोली का अवलोकन किया।