
बरेली मे ठंड का असर कम होते ही बदला स्कूलों का समय, 27 जनवरी से सुबह 9 बजे खुलेंगे विद्यालय
शीतलहर कमजोर पड़ते ही डीबीएसए का आदेश, परिषदीय स्कूल अब पुराने समय से होंगे संचालित
रिपोर्ट : सौरभ गुप्ता
बरेली। जनपद में शीतलहर और कड़ाके की ठंड के प्रभाव में कमी आने के बाद परिषदीय व मान्यता प्राप्त विद्यालयों के समय में एक बार फिर बदलाव किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बरेली द्वारा जारी आदेश के अनुसार अब 27 जनवरी 2026 से कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय विद्यालयों, सभी बोर्ड से मान्यता प्राप्त एवं अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों का संचालन पूर्व निर्धारित समय के अनुसार किया जाएगा।
जारी आदेश में कहा गया है कि अत्यधिक ठंड के कारण पहले विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों का संचालन प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक करने के निर्देश दिए गए थे। अब मौसम सामान्य होने के चलते पूर्व आदेश को आंशिक रूप से निरस्त करते हुए विद्यालयों को प्रातः 9 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों एवं विद्यालय प्रबंधनों को निर्देश दिए हैं कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिला सूचना अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि जनहित में इस सूचना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाए