बरेली SSP अनुराग आर्य को बड़ी सौगात: सिलेक्शन ग्रेड में पदोन्नति, कंधों पर सजे अतिरिक्त सितारे
रिपोर्ट/सौरभ गुप्ता
बरेली। नए साल पर बरेली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य के खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जुड़ गई है। उत्तर प्रदेश शासन के आदेश पर उन्हें भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के सिलेक्शन ग्रेड में पदोन्नत किया गया है।
गुरुवार को बरेली जोन मुख्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान उन्हें प्रमोशन के प्रतीक अतिरिक्त स्टार और कॉलर बैंड पहनाए गए।
एडीजी और डीआईजी ने पहनाए प्रमोशन के सितारे समारोह में बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा और डीआईजी अजय कुमार साहनी ने एसएसपी अनुराग आर्य के कंधों पर श्वेत धातु के अतिरिक्त सितारे और कॉलर बैंड सुशोभित किए।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें इस पदोन्नति पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी, पुलिस महकमे में खुशी
इस अवसर पर एसपी ट्रैफिक मुहम्मद अकमल, एसपी नॉर्थ मुकेश चंद्र मिश्रा समेत पुलिस मुख्यालय के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में जिले में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए गए अभियानों की सराहना की।
क्या होता है सिलेक्शन ग्रेड?
भारतीय पुलिस सेवा में निर्धारित सेवा अवधि पूरी करने और उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के आधार पर अधिकारियों को सिलेक्शन ग्रेड प्रदान किया जाता है। इस ग्रेड में पदोन्नति के बाद अधिकारी की प्रशासनिक जिम्मेदारियां और अधिकार क्षेत्र और अधिक व्यापक हो जाते हैं।
SSP अनुराग आर्य का रिपोर्ट कार्ड:
अपराधियों में खौफ, जनता में भरोसा इंटरनेशनल शूटर्स पर बड़ी कार्रवाई बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के घर फायरिंग मामले से जुड़े रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ गैंग के खतरनाक इंटरनेशनल शूटर्स को बरेली में दबोचा गया। पुलिस मुठभेड़ में दो अंतरराष्ट्रीय अपराधी ढेर किए गए, जो बड़ी सफलता मानी गई।
एक लाख का इनामी डकैत ‘शैतान’ ढेर
तराई क्षेत्र में दहशत का पर्याय बन चुके एक लाख रुपये के इनामी डकैत शैतान सिंह को पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया, जिससे क्षेत्र में अपराध पर निर्णायक प्रभाव पड़ा।
बवालियों पर सख्त प्रहार, 300 करोड़ की संपत्ति जब्त 26 सितंबर को बरेली में हुए बवाल के मास्टरमाइंड तौकीर रजा समेत करीब 100 उपद्रवियों को जेल भेजा गया। कार्रवाई के दौरान करीब 300 करोड़ रुपये की संपत्तियां सील और जमींदोज कर मिसाल कायम की गई।
एनकाउंटर का शतक जिले की कमान संभालते ही अपराधियों के खिलाफ अभियान तेज किया गया। अब तक 102 से अधिक पुलिस मुठभेड़ हो चुकी हैं, जिनमें कई कुख्यात अपराधी गिरफ्तार या घायल हुए।
ड्रग माफियाओं की कमर तोड़ी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सक्रिय स्मैक और अफीम तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। करोड़ों रुपये की ड्रग्स बरामद कर दर्जनों तस्करों को जेल भेजा गया।
ऑपरेशन संपत्ति कुर्की में रिकॉर्ड
गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराधियों की अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों को कुर्क करने में बरेली पुलिस ने रिकॉर्ड बनाया और प्रदेश में टॉप रैंकिंग हासिल की।